तुलसी जयंती पर श्री हनुमान रूप-सज्जा प्रतियोगिता, 26 विद्यालयों के 186 विद्यार्थियों ने दिखाया उत्साह
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: सिंहभूम जिला हिन्दी साहित्य सम्मेलन/तुलसी भवन द्वारा आयोजित तुलसी जयंती समारोह के अंतर्गत कक्षा 1 से 3 एवं कक्षा 4 से 6 तक के विद्यार्थियों के लिए दो वर्गों में श्री हनुमान रूप-सज्जा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में शहर के 26 विद्यालयों के 186 विद्यार्थियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ समाजसेवी शिव शंकर सिंह, चिंटू सिंह, जुगुन पांडेय सहित संस्थान के पदाधिकारियों व साहित्यकारों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। मानद महासचिव डॉ. प्रसेनजित तिवारी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की।
प्रतियोगिता का मूल्यांकन साहित्य एवं शिक्षा जगत के विशेषज्ञों ने किया। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं उपहार प्रदान किए गए। कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्थान के पदाधिकारियों, साहित्यकारों, शिक्षकों एवं स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समारोह में बड़ी संख्या में अभिभावक और शिक्षक-शिक्षिकाएं भी उपस्थित रहे।

