केबुल मुखी समाज का प्रतिभा सम्मान समारोह-2026 संपन्न, 150 मेधावी छात्र-छात्राओं व युवाओं का हुआ सम्मान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। केबुल मुखी समाज, गोलमुरी की ओर से रविवार को सचिव गुरुचरण मुखी के नेतृत्व में “प्रतिभा सम्मान समारोह-2026” का आयोजन किया गया। समारोह में विभिन्न बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के साथ-साथ कला, संस्कृति, खेलकूद, फैशन और फिल्म के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले 150 बच्चों एवं युवाओं को ट्रॉफी और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश देते हुए कहा कि सफलता के लिए कभी हार नहीं माननी चाहिए। विशिष्ट अतिथि बंटी सिंह ने शिक्षा को समाज के विकास का आधार बताया, जबकि सुग्रीव मुखी ने बच्चों को डॉ. भीमराव आंबेडकर के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। समारोह में शिक्षाविद पारसनाथ मिश्रा, शशिभूषण मुखी, सुग्रीव मुखी, जुगल किशोर मुखी सहित समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन संजना मुखी ने किया, जबकि सेलीन मुखी ने धन्यवाद ज्ञापन किया। अंत में राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ। आयोजन को सफल बनाने में रूपेश मुखी, प्रभात मुखी, स्नेह मुखी, मिहिर मुखी, आशीष मुखी, राजन मुखी, टिंकू मुखी, शिबू मुखी, डेविड मुखी, निखिल मुखी, सुजल मुखी, रोहित मुखी, सहित मुखी, आकाश मुखी समेत समाज के कई सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।

