टिनप्लेट यूनियन महिला इंटर महाविद्यालय में दो शिक्षिकाओं को भावभीनी विदाई, उत्कृष्ट सेवाओं के सम्मान में मिला एक-एक लाख रुपये का चेक
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: टिनप्लेट यूनियन एजुकेशनल ट्रस्ट एवं टिनप्लेट यूनियन महिला इंटर महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में प्रधानाध्यापिकाएं रंजना भगत और कामिनी गुप्ता के सेवानिवृत्ति उपरांत सम्मान एवं विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रबंधन समिति के अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय, सचिव परविंदर सिंह सोहल, महासचिव मनोज कुमार सिंह, सीनियर वाइस प्रेसिडेंट साईं बाबू राजू एवं प्राचार्या ममता स्वाई ने दोनों शिक्षिकाओं को शॉल, पुष्पगुच्छ और स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया।
प्रबंधन समिति ने उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक सेवाओं के सम्मानस्वरूप प्रत्येक शिक्षिका को एक-एक लाख रुपये का चेक भी भेंट किया। वक्ताओं ने दोनों शिक्षिकाओं के समर्पण, अनुशासन और शिक्षा क्षेत्र में योगदान की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन सीमा कुमारी ने किया। समारोह में यूनियन पदाधिकारियों, शिक्षिकाओं, कर्मचारियों एवं गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही।

