जामताड़ा में मतगणना की सभी तैयारियां पूर्ण
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 के तहत जामताड़ा जिले में मतगणना को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आज 26 फरवरी 2026 को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रवि आनंद ने न्यू पॉलीटेक्निक कॉलेज, पाथरचपड़ा स्थित वज्रगृह सह मतगणना केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मतगणना कक्षों में टेबल, कुर्सी, पंखा, प्रकाश व्यवस्था, कंप्यूटर, प्रिंटर, इंटरनेट कनेक्शन, सीसीटीवी निगरानी तथा सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा की गई। उपायुक्त ने यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि सभी तकनीकी संसाधन निर्बाध रूप से कार्य करें, ताकि मतगणना के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। वज्रगृह और पूरे परिसर में सीसीटीवी के माध्यम से सतत निगरानी सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।
मिहिजाम नगर परिषद और जामताड़ा नगर पंचायत के लिए अलग-अलग मतगणना कक्ष चिन्हित किए गए हैं। मिहिजाम नगर परिषद के 39 मतदान केंद्रों के लिए 20 टेबल तथा जामताड़ा नगर पंचायत के 28 मतदान केंद्रों के लिए 14 टेबल लगाए गए हैं। मतगणना 27 फरवरी 2026 को प्रातः 08:00 बजे प्रारंभ होगी। इससे पूर्व मतगणना पर्यवेक्षकों एवं सहायकों का रेंडमाइजेशन प्रातः 05:00 बजे एनआईसी जामताड़ा में किया जाएगा।
इस अवसर पर परियोजना निदेशक आईटीडीए, उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन द्वारा निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी मतगणना सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।

