रिपोर्ट – अमन ओझा (ब्यूरो चीफ कोल्हान)
सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत डोकाकुली गांव में गुरुवार दोपहर बच्चा चोरी की आशंका को लेकर अचानक अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, दो महिलाएं पीयूष कालिंदी नामक बच्चे को अपने साथ ले जाती हुई दिखाई दीं। इसी दौरान बच्चे के परिवार की एक महिला की नजर उन पर पड़ी, जिसके बाद शोर-शराबा शुरू हो गया। परिजनों के हंगामे के बाद आसपास के ग्रामीण खेतों की ओर दौड़ पड़े। ग्रामीणों को अपनी ओर आता देख एक महिला मौके से फरार हो गई, जबकि दूसरी महिला को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने पकड़ी गई महिला के साथ धक्का-मुक्की भी की।
घटना की सूचना मिलते ही कांड्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को हिरासत में लेकर थाना ले गई। पूछताछ में महिला ने अपना नाम दूरी बताया और खुद को शारदाबेड़ा की निवासी कहा। स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार महिला पारिवारिक विवाद से जूझ रही है। बताया गया कि भाई द्वारा मारपीट किए जाने के कारण वह मानसिक रूप से परेशान रहती है और इधर-उधर भटकती रहती है।
थाना प्रभारी ने पूरे मामले को अफवाह करार देते हुए ग्रामीणों से अपील की है कि बिना पुष्टि किसी भी खबर पर विश्वास न करें। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध परिस्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

