श्रावणी मेला में आस्था के साथ तकनीक का संगम।
एआई फोटो बूथ एवं वीआर इमर्शन सेंटर का हुआ शुभारंभ।
राष्ट्र संवाद संवाददाता
संतोष सिन्हा।
दुमका/ श्रावणी मेला महोत्सव के अवसर पर श्रद्धालुओं को एक नया और यादगार अनुभव प्रदान करने की दिशा में जिला पर्यटन कार्यालय, दुमका द्वारा स्थापित एआई फोटो बूथ एवं वीआर (वर्चुअल रियलिटी) डिवाइस इमर्शन सेंटर का उद्घाटन उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने फीता काटकर किया।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि श्रावणी मेला केवल आस्था और आध्यात्मिकता का पर्व नहीं, बल्कि झारखंड की सांस्कृतिक एवं पर्यटन संभावनाओं को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का भी महत्वपूर्ण अवसर है। आधुनिक तकनीक के माध्यम से श्रद्धालुओं को एक नया अनुभव उपलब्ध कराने का यह प्रयास मेला को और अधिक आकर्षक तथा यादगार बनाएगा।
एआई फोटो बूथ पर श्रद्धालु अपनी तस्वीरों को आकर्षक एवं धार्मिक थीम के साथ डिजिटल रूप में तैयार करवा रहे हैं। वहीं वीआर इमर्शन सेंटर में अत्याधुनिक वर्चुअल रियलिटी तकनीक के माध्यम से बाबा बासुकीनाथ धाम, झारखंड की सांस्कृतिक विरासत एवं पर्यटन स्थलों का जीवंत अनुभव प्राप्त कर रहे हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचकर आधुनिक तकनीक के माध्यम से आध्यात्मिक और पर्यटन अनुभव का आनंद ले रहे हैं।
श्रद्धालुओं ने जिला प्रशासन एवं जिला पर्यटन कार्यालय की इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह उनके लिए मेला भ्रमण को और भी विशेष बना रहा है। एआई फोटो बूथ से उन्हें एक यादगार स्मृति मिल रही है, जबकि वीआर इमर्शन सेंटर उन्हें ऐसा अनुभव करा रहा है मानो वे स्वयं विभिन्न धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के बीच उपस्थित हों।
जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि राजकीय श्रावणी मेला 2026 में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सुविधाजनक वातावरण के साथ-साथ आधुनिक तकनीक से जुड़ा एक विशिष्ट अनुभव भी प्राप्त हो। इसी सोच के अनुरूप श्रद्धालुओं के लिए लगातार नई और जनोपयोगी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि उनकी धार्मिक यात्रा जीवनभर की सुखद स्मृति बन सके।
उन्होंने इस दौरान पर्यटन विभाग द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।पर्यटन विभाग द्वारा विभिन्न पर्यटन स्थलों की तस्वीर एवं उससे जुड़ी जानकारी भी लगायी गयी है ताकि श्रद्धालुओं को पर्यटन स्थल के बारे में विस्तृत जानकारी मिल सके।
इस दौरान उप विकास आयुक्त अनिकेत सचान सहित वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

