पहली सोमवारी पर बासुकीनाथ में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
संतोष सिन्हा
दुमका। सावन की पहली सोमवारी पर बाबा बासुकीनाथ धाम में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उपायुक्त अभिजीत सिन्हा और पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खेरवार ने मेला क्षेत्र में प्रतिनियुक्त अधिकारियों, दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की ब्रीफिंग कर ड्यूटी स्थल नहीं छोड़ने तथा समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने पेयजल, शौचालय, विद्युत, स्प्रिंकलर, खोया-पाया केंद्र, क्लॉक रूम और ऑनलाइन सहायता व्यवस्था को पूरी तरह सक्रिय रखने पर जोर दिया। वहीं पुलिस अधीक्षक ने अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, अतिक्रमण हटाने, सीसीटीवी निगरानी, साइनेज, कंट्रोल रूम से समन्वय तथा एनडीआरएफ को अलर्ट मोड में रखने के निर्देश दिए।
बैठक के बाद उपायुक्त ने तारा मंदिर चौक, शिवगंगा घाट, क्यू कॉम्प्लेक्स और निकास द्वार का निरीक्षण कर निकास मार्ग से प्रवेश रोकने तथा श्रद्धालुओं का जलार्पण कतारबद्ध एवं सुरक्षित ढंग से कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित दर्शन-पूजन की सुविधा उपलब्ध कराना है।

