यूसील के कचरा डंपिंग यार्ड में आग से फैला जहरीला धुआं, थाना कर्मियों समेत स्थानीय लोग परेशान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जादूगोड़ा। यूसील प्रबंधन द्वारा नवरंग मार्केट बाजार गेट पुलिया के सामने बनाए गए कचरा डंपिंग यार्ड में कचरा जलाए जाने से आसपास के क्षेत्र में जहरीला धुआं फैल रहा है, जिससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ जादूगोड़ा थाना के जवान और पदाधिकारी भी गंभीर रूप से प्रभावित हो रहे हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि उक्त स्थल पर भारी मात्रा में कचरा जमा कर उसमें आग लगा दी जाती है, जिसके कारण सुबह से लेकर दिन भर धुआं चारों ओर फैला रहता है। जहरीले धुएं के कारण लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है और श्वसन संबंधी बीमारियों की शिकायत बढ़ने लगी है।
डंपिंग यार्ड के ठीक सामने जादूगोड़ा थाना स्थित है। थाना प्रभारी राजेश कुमार मंडल ने बताया कि धुएं के कारण थाना के जवानों और अधिकारियों को कार्य करने में भारी परेशानी हो रही है। कई बार दम घुटने जैसी स्थिति उत्पन्न हो जाती है। प्रबंधन को बार-बार शिकायत करने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है।
शनिवार को भी धुएं की समस्या बढ़ने पर थाना पदाधिकारियों ने यूसील के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। यूसील के अधिकारी महेश साहू ने कारगर उपाय करने का आश्वासन दिया, लेकिन शाम तक स्थिति में कोई विशेष सुधार नहीं हुआ।
भारतीय जनता पार्टी के जिला मंत्री रोहित सिंह परमार ने कहा कि यूसील प्रबंधन की लापरवाही से आसपास के लोगों का स्वास्थ्य खतरे में पड़ गया है। कचरा निस्तारण का समुचित प्रबंध नहीं किए जाने से यह स्थिति उत्पन्न हुई है, जो भविष्य में जानलेवा साबित हो सकती है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मामले में हस्तक्षेप कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि क्षेत्रवासियों और थाना कर्मियों को जहरीले धुएं से राहत मिल सके।

