महविश रहमान ने आकाशवाणी रांची में समाचार एकांश प्रमुख के रूप में पदभार ग्रहण किया
राष्ट्र संवाद संवाददाता
रांची – भारतीय सूचना सेवा (आईआईएस) की अधिकारी महविश रहमान ने आकाशवाणी रांची के समाचार एकांश (आरएनयू) में प्रमुख के रूप में पदभार ग्रहण किया है। पदभार ग्रहण करने के साथ ही उन्होंने समाचार संचालन की जिम्मेदारी संभाल ली है।
महविश रहमान ने अपनी शुरुआत से ही मीडिया और संचार क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। इससे पहले वह नई दिल्ली स्थित सूचना भवन के न्यू मीडिया विंग में काम कर चुकी हैं, साथ ही पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) और केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी) रांची में भी अपनी सेवाएं दे चुकी हैं।
महविश रहमान ने अपनी शिक्षा जामिया मिल्लिया इस्लामिया से प्राप्त की है। अंग्रेजी साहित्य में स्नातक होने के बाद, उन्होंने एजेके एमसीआरसी से जनसंचार में स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त की। इसके अलावा, उन्होंने यूजीसी-नेट और जूनियर रिसर्च फेलोशिप (जेआरएफ) की परीक्षा भी उत्तीर्ण की है। वे डिकिंसन कॉलेज, पेंसिलवेनिया, यूएसए में एक्सचेंज फेलो भी रह चुकी हैं।
पदभार ग्रहण के अवसर पर आकाशवाणी रांची के केंद्र निदेशक श्री डी. सी. हेंब्रम और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने महविश रहमान को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
महविश रहमान की नियुक्ति से आकाशवाणी रांची में समाचार संचालन की दिशा में नए और सकारात्मक बदलावों की उम्मीद जताई जा रही है, जो निश्चित रूप से क्षेत्रीय समाचारों को और अधिक प्रभावी और अपडेटेड बनाने में सहायक सिद्ध होगा।

