डायनेमिक डीसी कर्ण सत्यार्थी के खिलाफ सोशल मीडिया पर नकारात्मक अभियान—क्यों सक्रिय हुए कुछ चेहरे?
राष्ट्र संवाद डेस्क
पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी जिले में योगदान के शुरुआती दिनों से ही एक परिणाममुखी, सक्रिय और जमीनी अधिकारी के रूप में उभरकर सामने आए हैं। प्रशासनिक हलकों में उनकी पहचान एक ऐसे अफसर के रूप में बनी है जो योजनाओं को कागज़ पर नहीं, ज़मीन पर उतारने में विश्वास रखते हैं। यही कारण है कि सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों ही खेमों में उनके प्रति एक सकारात्मक राय दिखाई देती है।
ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार क्षेत्र भ्रमण, समस्याओं का मौके पर समाधान और जनता दरबारों में त्वरित निपटारा—इन सबने कर्ण सत्यार्थी की छवि को एक प्रभावी फील्ड ऑफिसर के रूप में स्थापित किया है। अधीनस्थ कर्मचारियों के प्रति उनका संतुलित प्रशासनिक और मानवीय दोनों प्रकार का व्यवहार उनकी कार्यशैली को और भी विश्वसनीय बनाता है।
लेकिन हालिया दिनों में सोशल मीडिया पर उनकी छवि को धूमिल करने का सुनियोजित प्रयास देखने को मिला है। अचानक कुछ खाते और पेज सक्रिय होकर उनके खिलाफ आधी-अधूरी या भ्रामक सूचनाएँ प्रसारित कर रहे हैं। प्रशासनिक हलकों में यह चर्चा का विषय है कि आखिर यह नकारात्मक अभियान किसके इशारे पर चल रहा है। कई अधिकारी इसे नियोजन और अनुशासन से असंतुष्ट हित समूहों की प्रतिक्रिया बता रहे हैं, जबकि कुछ का मानना है कि कड़े प्रशासनिक निर्णयों से प्रभावित लोग इस तरह का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
प्रशासनिक तंत्र के भीतर इस बात को लेकर गहरी चिंता है कि ऐसा माहौल न केवल अधिकारी की व्यक्तिगत प्रतिष्ठा को प्रभावित करता है, बल्कि जनहित में चल रही योजनाओं और शासन-प्रणाली की साख पर भी असर डालता है।
कर्ण सत्यार्थी की कार्यशैली, उनके निर्णय और जनता के बीच बनी विश्वसनीयता को देखते हुए यह स्पष्ट है कि सोशल मीडिया पर फैलाया जा रहा भ्रम जमीनी हकीकत से मेल नहीं खाता। फिर भी, यह स्थिति लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रशासनिक अधिकारियों के प्रति सम्मान और पारदर्शिता पर बड़े सवाल खड़े करती है।

