एस.एम. स्टील एंड पावर लिमिटेड का ग्रामीणों द्वारा किया विरोध, बिना सहमति भूमि अधिग्रहण का लगाया आरोप
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल – नीमडीह प्रखंड के आदरडीह में बुधवार को आयोजित ग्रामसभा में आदरडीह, सांगिड़ा, गौरडीह, बनडीह, लोवाबेड़ा और गौरीडीह गांव के ग्रामीणों ने प्रस्तावित एस.एम. स्टील एंड पावर लिमिटेड कंपनी की स्थापना का जोरदार विरोध किया। सभा में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कंपनी द्वारा बिना ग्रामसभा की सहमति के भूमि अधिग्रहण किया जा रहा है, जो किसानों के अधिकारों का हनन है।
ग्रामसभा में ग्रामीणों ने “एस.एम. स्टील वापस जाओ” के नारे लगाते हुए चेतावनी दी कि जब तक उनकी 16 सूत्री मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। ग्रामीणों ने कहा कि उनकी भूमि ही उनकी आजीविका का साधन है, इसलिए बिना उचित मुआवजा, रोजगार और पुनर्वास व्यवस्था के कोई भी अधिग्रहण स्वीकार नहीं किया जाएगा।
ग्रामीणों की प्रमुख मांगों में अधिग्रहित भूमि का वर्तमान बाजार दर पर पुनर्मूल्यांकन, प्रभावित परिवारों के एक सदस्य को स्थायी नौकरी, तथा आवास, पेयजल, बिजली, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना शामिल है।
सभा में ग्रामीणों ने कुछ स्थानीय व्यक्तियों— निखिल महतो, मधु कुमार,सुकराम हेब्रम,भक्त रंजन मंडल व बबलू कुमार—पर जमीन के बिचौलिया बनकर करोड़ों रुपये की हेराफेरी करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि इन लोगों की मिलीभगत से असली रैयतदारों को उचित मुआवजा नहीं मिला।
ग्रामसभा में यह भी प्रस्ताव पारित किया गया कि अधिग्रहण प्रक्रिया की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए और प्लॉट संख्याएं 1744, 1745, 1747, 1758, 2280, 2345, 2263 आदि को ग्रामवासियों की सार्वजनिक उपयोग की जमीन घोषित कर वापस किया जाए।

