जिले में 20 सड़क हादसे, 13 लोगों की मौत
*ब्लैक स्पॉट और अवैध पार्किंग पर सख्ती, काण्ड्रा-गम्हरिया मार्ग पर विशेष निगरानी*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने को लेकर उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई बैठक में पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वांगीयारी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल हुए।
जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि पिछले माह जिले में 20 सड़क दुर्घटनाओं में 13 लोगों की मौत और नौ लोग घायल हुए। जिले में 18 ब्लैक स्पॉट चिन्हित हैं। उपायुक्त ने इन स्थानों पर सुरक्षा मानकों और आवश्यक सुधारात्मक उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने का निर्देश दिया।
सरायकेला-काण्ड्रा, सरायकेला-राजनगर, चांडिल, आदित्यपुर-गम्हरिया और चौका मार्ग पर अवैध पार्किंग तथा सड़क किनारे खड़े वाहनों के खिलाफ नियमित अभियान चलाने को कहा गया। काण्ड्रा रेलवे ओवरब्रिज, काण्ड्रा चौक, अमलगम, आरकेएफएल और कोलाबिरा जैसे संवेदनशील स्थानों पर विशेष कार्रवाई के निर्देश दिए गए। अब तक परिवहन विभाग द्वारा 14.22 लाख रुपये जुर्माना वसूले जाने की जानकारी दी गई।
उपायुक्त ने खराब या दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को निर्धारित समय में सड़क से हटाने, आवश्यक साइनेज लगाने और पुलिस गश्त बढ़ाने को कहा। एनएच पर स्पीड गन से जांच तथा ओवरस्पीडिंग, नशे में वाहन चलाने, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।

