मवेशी चोरी की शक में युवक की पिटाई, पुलिस को सौंपा
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
कपाली ओपी क्षेत्र के अलबेला गार्डन स्थित मुन्ना खटाल में रविवार को मवेशी चोरी के संदेह में स्थानीय लोगों ने एक युवक को पकड़ लिया। आक्रोशित लोगों ने उसकी पिटाई करने के बाद उसे कपाली पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़े गए युवक ने अपना नाम आसिफ बताया है।
आसिफ ने पुलिस के समक्ष दावा किया कि बाबला, गुरु और आरिफ नामक तीन युवक खटाल के अंदर गए थे, जबकि वह बाहर खड़ा था। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने उसे चोरी में शामिल समझकर पकड़ लिया है। बताया गया कि भीड़ के पकड़ने के बाद तीनों अन्य युवक मौके से निकल गए।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने युवक को अपने कब्जे में लेकर पूछताछ शुरू की। हालांकि मवेशी चोरी की कोशिश और पकड़े गए युवक की भूमिका की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि खटाल में चोरी की कोशिश हुई थी या नहीं और घटना में शामिल लोगों की वास्तविक भूमिका क्या थी।

