अंबेडकर चौक पर डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर माल्यार्पण
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर अंबेडकर चौक स्थित उनकी प्रतिमा पर प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विकास आनंद लांगुरी सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त ने कहा कि बाबा साहेब ने भारतीय संविधान के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया और जीवनभर कमजोर एवं वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। उन्होंने लोगों से अपील की कि बाबा साहेब के आदर्शों और सिद्धांतों को अपनाकर समाज में समानता और न्याय स्थापित करने का प्रयास करें।
अनुमंडल पदाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि 14 अप्रैल का दिन पूरे देश के लिए गौरव का दिन है। बाबा साहेब एक महान स्वतंत्रता सेनानी, विधि विशेषज्ञ और समाज सुधारक थे, जिनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने सभी से उनके विचारों को आत्मसात करने की बात कही।
इस मौके पर जिला शिक्षा अधीक्षक विकेश कुणाल प्रजापति, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी सोमा खंडेत, अंचल अधिकारी अबिश्वर मुर्मू सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

