जामताड़ा में पेयजल समस्या निवारण पखवाड़ा के तहत सघन जांच अभियान
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जिले में गर्मी को देखते हुए पेयजल संकट से निपटने के लिए “पेयजल समस्या निवारण पखवाड़ा” के तहत विभिन्न पंचायतों में सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया। यह अभियान 9 अप्रैल से 18 अप्रैल 2026 तक जिले के सभी 118 पंचायतों में संचालित किया जा रहा है।
इसी क्रम में 14 अप्रैल को जिले के सभी प्रखंडों में वरीय अधिकारियों के नेतृत्व में पेयजल स्रोतों की जांच की गई। जामताड़ा सदर, नारायणपुर, नाला, करमाटांड़, फतेहपुर और कुंडहित प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में टीमों ने चापाकलों और अन्य जल स्रोतों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई खराब चापाकलों को मौके पर ही दुरुस्त किया गया, जिससे ग्रामीणों को तत्काल राहत मिली।
अभियान के दौरान पंचायत भवनों में ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक भी आयोजित की गई। इसमें पेयजल से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा करते हुए उनके स्थायी समाधान के लिए कई प्रस्ताव पारित किए गए। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
प्रशासन का उद्देश्य है कि गर्मी के दौरान किसी भी क्षेत्र में पेयजल की कमी न हो और सभी को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके। आगामी दिनों में भी विभिन्न पंचायतों में निरीक्षण अभियान जारी रहेगा।

