नामुपाड़ा में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण, जयंती पर भव्य आयोजन
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: अंबेडकर नगर नामुपाड़ा में डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर उनकी आदमकद प्रतिमा का भव्य अनावरण किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति रही और पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार और समाजसेवी तरुण गुप्ता ने संयुक्त रूप से प्रतिमा का अनावरण किया। इस मौके पर उपस्थित लोगों ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने कहा कि बाबा साहेब की प्रतिमा समानता, न्याय और सामाजिक बदलाव की प्रेरणा का प्रतीक है।
इस अवसर पर नामुपाड़ा क्षेत्र का नाम बदलकर अंबेडकर नगर रखने की घोषणा की गई। साथ ही यहां एक भव्य अंबेडकर पुस्तकालय के निर्माण की बात भी कही गई। जयंती के उपलक्ष्य में भव्य शोभा यात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों लोग शामिल हुए। रैली में “जय भीम” और “जय संविधान” के नारों से वातावरण गूंज उठा।
रैली के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें नाटक, गीत, कव्वाली और नृत्य प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने भी अपने विचार रखे। आयोजन में कई सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी रही।

