भेलुवा पंचायत में पेयजल समस्या पर बैठक, अंबेडकर जयंती भी मनाई गई
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: प्रखंड कुंडहित के भेलुवा पंचायत सभागार में पेयजल समस्या निवारण पखवाड़ा के तहत बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र में पेयजल से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा करते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने पर विचार-विमर्श किया गया। इसके बाद अधिकारियों एवं कर्मियों ने क्षेत्र का भ्रमण कर बंद पड़े चापाकलों और पानी टंकियों का सरजमीनी निरीक्षण किया तथा उनकी स्थिति की जांच की।
निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर खराब पड़े चापाकलों और जल स्रोतों को चिन्हित किया गया, ताकि उन्हें जल्द से जल्द दुरुस्त कर ग्रामीणों को नियमित पेयजल उपलब्ध कराया जा सके। अधिकारियों ने संबंधित कर्मियों को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में किसी भी गांव में पेयजल की कमी नहीं होनी चाहिए।
इस अवसर पर पंचायत सभागार में डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती भी श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। उपस्थित लोगों ने बाबा साहेब के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके विचारों को याद किया।
बैठक में ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने भी अपनी समस्याएं और सुझाव रखे। अंत में सभी ने मिलकर क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा बाबा साहेब के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

