*चाईबासा के घर में दफन मिला महिला का सड़ा-गला शव
*पांड्राशाली ओपी क्षेत्र की घटना, बेटी ने लगाया मारपीट का आरोप; पुलिस जांच में जुटी*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, चाईबासा
चाईबासा जिले के पांड्राशाली ओपी क्षेत्र में एक महिला का सड़ा-गला शव घर के अंदर दफन मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान गुरुवारी हांसदा के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। महिला के पति पर हत्या का आरोप लगाया गया है।
मृतका की बेटी नागेश्वरी गागराई के अनुसार, उसके पिता अक्सर खाने-पीने की बात को लेकर मां के साथ मारपीट करते थे और कोई काम नहीं करते थे। उसने बताया कि पड़ोसियों से मां के दो-तीन दिनों से दिखाई नहीं देने की जानकारी मिली। परिजनों और परिचितों से पूछताछ के बाद वह गांव पहुंची तो घर में बाहर से ताला लगा मिला। ताला खोलकर अंदर देखने पर मां का शव घर के भीतर दफन मिला।
नागेश्वरी के मुताबिक, उसकी सभी बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि भाई चेन्नई में काम करते हैं। भाइयों के आने के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हत्या के आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

