पूर्व मुखिया कार्तिक हेम्ब्रम का ब्रेन हेमरेज से निधन
राष्ट्र संवाद संवाददाता, जादूगोड़ा
मुसाबनी प्रखंड की माटीगोड़ा पंचायत के पूर्व मुखिया और समाजसेवी कार्तिक हेम्ब्रम का ब्रेन हेमरेज से निधन हो गया। उनके निधन से मुसाबनी और जादूगोड़ा क्षेत्र में शोक की लहर है।
जादूगोड़ा थाना क्षेत्र के कुलामाड़ा गांव निवासी कार्तिक हेम्ब्रम की 14 वर्षीय बेटी किरण महाली का छह माह पहले बीमारी से निधन हो गया था। परिजनों के अनुसार, बेटी की मौत के बाद से वह गहरे सदमे में थे। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें डॉक्टर सतपति के क्लिनिक ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
स्नातक तक शिक्षित कार्तिक हेम्ब्रम सामाजिक कार्यों और मुखिया के रूप में अपने योगदान के लिए क्षेत्र में चर्चित थे। उन्होंने बाद में जिला परिषद का चुनाव भी लड़ा था और कांग्रेस नेता के रूप में भी पहचान रखते थे।
उनके निधन पर भाजपा नेता मनोज प्रताप सिंह, प्रदीप भुईया, तनुश्री नंदा, सुशील अग्रवाल, टिकी मुखी, सुनील मुर्मू सहित कई सामाजिक कार्यकर्ताओं और मुखिया संघ ने शोक जताया।

