जन चेतना समिति के रक्तदान शिविर में 63 यूनिट रक्त संग्रह
राष्ट्र संवाद संवाददाता, चांडिल
जन चेतना समिति, आस्था वैली की ओर से रविवार को आयोजित 20वें रक्तदान शिविर में 63 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। शिविर का उद्घाटन जिला परिवहन पदाधिकारी शंकराचार्य सामद और कपाली थाना के एएसआई हीरालाल मुंडा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर 100 बार रक्तदान कर चुके वीर कृष्ण राव को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। अन्य रक्तदाताओं को गर्म कंबल और प्रशस्ति पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया।
शंकराचार्य सामद ने कहा कि रक्तदान जरूरतमंद मरीजों की जान बचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। समिति अध्यक्ष अजय कुमार ने कहा कि रक्तदान जाति, धर्म और समुदाय से ऊपर मानवता की सेवा है।
मौके पर समिति के उपाध्यक्ष संतोष श्रीवास्तव, सचिव अमृतरंजन, कोषाध्यक्ष नवीन सिंह, मधुसूदन राव, नवीन अग्रवाल, संतोष शर्मा, अरुण सिन्हा, संदीप चैल, शत्रुघ्न सिन्हा और अरविंद सिन्हा सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

