रांची में विधानसभा घेराव के दौरान छात्रों पर टियर गैस का इस्तेमाल लोकतंत्र पर प्रहार : दिनेश कुमार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। JPSC-JSSC से जुड़े मामलों की निष्पक्ष CBI जांच एवं छात्रों के हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर रांची में विधानसभा घेराव करने पहुंचे छात्रों के खिलाफ टियर गैस का इस्तेमाल किए जाने पर भाजपा पूर्वी सिंहभूम के जिला प्रभारी सह पूर्व जिला अध्यक्ष दिनेश कुमार ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
दिनेश कुमार ने कहा कि अपने हक और अधिकार की मांग को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से विधानसभा घेराव करने पहुंचे छात्रों पर टियर गैस का इस्तेमाल करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। सरकार को छात्रों की आवाज सुननी चाहिए, न कि दमनात्मक कार्रवाई के जरिए उनके आंदोलन को दबाने का प्रयास करना चाहिए।
दिनेश कुमार ने कहा, “रांची में विधानसभा घेराव के दौरान छात्रों पर टियर गैस, पानी की बौछार और लाठी का इस्तेमाल यह दर्शाता है कि सरकार छात्रों की आवाज सुनने के बजाय उसे दबाने का प्रयास कर रही है। दमन से छात्रों का हौसला नहीं टूटेगा। लोकतंत्र में शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रखना उनका अधिकार है।”

