
सिमरिया धाम, बेगूसराय छठ घाट पर पुलिस प्रशासन के साथ गूंजा बाल विवाह मुक्त भारत का संदेश
बेगूसराय/ राष्ट्र संवाद ब्यूरो
प्रशासनिक चुस्त-दुरुस्त व्यवस्था के बीच छठ महापर्व दूसरे अर्घ्य के साथ सकुशल संपन्न हुआ। स्वयं छठ घाट पर प्रशासनिक व्यवस्था का जायजा लेते हुए बेगूसराय के पुलिस उपाधीक्षक (विशेष अपराध) के.बी. सिंह नजर आए। आम छठव्रतियों को असुविधा न हो, इसके लिए हर चौक-चौराहे पर पुलिस बल तैनात था और नदी किनारे नौकायन कर हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी गई।
इस दौरान अखिल भारतीय माँ गंगा तीर्थ पुरोहित, सिमरिया धाम के सचिव राम बाबू झा एवं अपने परिवारजनों के साथ छठ पर्व अनुष्ठान के लिए सिमरिया धाम पधारे आलोक कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक, सीआईडी, पटना भी मौजूद रहे।
पुलिस की सराहनीय कार्यशैली की विभिन्न गांव-शहर से आए छठव्रतियों के परिजनों ने प्रशंसा की।
इसी दौरान जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन के सहयोगी संगठन वैशाली समाज कल्याण संस्थान, बाघा, बेगूसराय के प्रतिनिधि राजमणि रंजन के द्वारा “बाल विवाह मुक्त भारत” अभियान के बैनर तले “सुरक्षित बचपन, समृद्ध भारत” के विजन को आमजन के बीच साझा किया गया और आगामी 27 नवंबर 2026 को अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह मुक्ति दिवस के ऐतिहासिक पावन मौके पर “एक दिया, एक संकल्प” की अपील की गई।
आइए, हम सब मिलकर 2030 तक बाल विवाह मुक्त भारत का संकल्प लें।

