
आस्था के घाट पर उमड़ा पूरा गांव, प्रवासियों और ग्रामीणों का हुआ आत्मिक मिलन
सच्चा बाबा आश्रम पोखर पर सेवा-सहयोग और सामाजिक समरसता की दिखी मिसाल
बेगूसराय/ राष्ट्र संवाद ब्यूरो
छठी मैया के गीतों से गूंजता वातावरण, हाथों में पूजन का सूप और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए पोखर में खड़े हजारों व्रती। सोमवार की अहले सुबह गौरा गांव के सुप्रसिद्ध सच्चा बाबा आश्रम पोखर पर लोकआस्था के महापर्व छठ का ऐसा दृश्य दिखा, जिसमें धार्मिक श्रद्धा के साथ सामाजिक एकता की झलक भी दिखाई दी। हजारों व्रतियों ने भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर चार दिवसीय अनुष्ठान का विधि-विधान से समापन किया। गांव लौटे सैकड़ों प्रवासियों और ग्रामीणों का घाट पर आत्मिक मिलन हुआ। जाति, वर्ग और छोटे-बड़े का भेद भुलाकर सभी एक साथ पर्व में सहभागी बने। सूर्य की किरणों की तरह आस्था के इस आयोजन में समानता का भाव भी दिखाई दिया।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूजा समिति और ग्रामीणों ने व्यापक इंतजाम किए थे। पोखर परिसर दूधिया रोशनी, आकर्षक सजावट और सूर्य मंदिर की छटा से जगमगा रहा था। दर्जनों सुसज्जित वस्त्र परिवर्तन कक्ष बनाए गए थे। श्रद्धालुओं के बीच निशुल्क चाय का वितरण किया गया। चिकित्सा शिविर में निशुल्क दवाएं उपलब्ध कराई गईं। स्वयंसेवकों और पुलिस बल की सक्रियता, लगातार उद्घोषणा तथा बैरिकेडिंग से सुरक्षा व्यवस्था संभाली गई। बच्चों के मुंडन संस्कार, खिलौनों सहित विभिन्न दुकानों और बैंड-बाजे ने उत्सवी माहौल बनाया। पुजारी हरिओम ब्रह्मचारी जी महाराज के सान्निध्य में भोग अर्पण के समय भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। गांव की सड़कों से लेकर पोखर तक सफाई, रंग-रोगन और रोशनी की व्यवस्था ने आयोजन को विशेष स्वरूप दिया।

