
लेखक: राष्ट्र संवाद संवाददाता
छौड़ाही (बेगूसराय)। चार दिवसीय लो।क आस्था का महापर्व छठ सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ संपन्न हो गया। छौड़ाही प्रखंड में पर्व को लेकर श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा। एकंबा पंचायत में हुई छिटपुट घटनाओं को छोड़कर प्रखंड के अन्य हिस्सों में पर्व के दौरान शांति बनी रही। कहीं से किसी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।छठ पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन के लिए प्राथमिकता रही। इसको लेकर एसडीएम अमित कुमार सिंह और डीएसपी अमरकांत ने सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाली। पुलिस इंस्पेक्टर महानंद चौधरी, बीडीओ प्रिया कुमारी तथा थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार भी लगातार सक्रिय रहे। विभिन्न घाटों पर पुलिस पदाधिकारियों और सशस्त्र बलों की तैनाती की गई थी। प्रशासनिक अधिकारी अलग-अलग घाटों पर पहुंचकर हालात का जायजा लेते रहे।प्रखंड के बड़ैपुरा, मालपुर, श्यामपुर, रामपुर कचहरी, सिनेमा, अमारी चौक, तप्पू, रोजपतला, परोड़ा, छौड़ाही, राजापुर और नारायणपीपर समेत विभिन्न गांवों एवं मोहल्लों में श्रद्धालुओं ने पूरी आस्था के साथ छठ पूजा की। रविवार की शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के बाद सोमवार की सुबह व्रतियों ने उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण किया।घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ और छठ गीतों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। पर्व के आयोजन में स्थानीय ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और पूजा समितियों की भी सक्रिय भागीदारी रही। प्रशासनिक निगरानी और आम लोगों के सहयोग से छौड़ाही में महापर्व का समापन सौहार्दपूर्ण माहौल में हुआ।

