
लेखक: राष्ट्र संवाद संवाददाता
बखरी-बेगूसराय। जहां पूरा इलाका छठी मैया के गीतों और उगते सूर्य के अर्घ्य की खुशियों में डूबा था, वहीं ईटवा चौर छठ घाट पर एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। सोमवार की सुबह स्नान के दौरान डूबने से एक युवक की मौत हो गई।
मृतक की पहचान बखरी नगर परिषद क्षेत्र के मक्खाचक वार्ड-19 निवासी विशो शाह के 43 वर्षीय पुत्र सुरेश शाह उर्फ नेपल मोटिया के रूप में हुई है।
बखरी नगर परिषद सभापति गीता कुशवाहा के पुत्र व प्रतिनिधि राजू कुशवाहा ने बताया कि सुरेश शाह सुबह लगभग 6 बजे ईटवा छठ घाट पर स्नान कर रहे थे। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते डूब गए।
घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया और तुरंत पानी में उतरकर खोजबीन शुरू की। काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। परिजन उन्हें लेकर बखरी के एक क्लिनिक की ओर दौड़े, मगर रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
जानकारी मिलते ही बखरी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया।
जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर अरविंद कुमार यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
इधर, घटना के साथ ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। छठ के दिन हुई इस घटना से पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है।

