छात्र आंदोलन को भटकाने की कोशिश कर रही भाजपा : परविंदर सिंह
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने छात्रों से संयम बरतने और किसी के बहकावे में नहीं आने की अपील की
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष परविंदर सिंह ने रांची में विधानसभा घेराव को लेकर हुए छात्र आंदोलन पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि छात्रों की विभिन्न मांगों को लेकर झारखंड सरकार और छात्र प्रतिनिधिमंडल के बीच सकारात्मक बातचीत चल रही थी। सरकार ने छात्रों की कई मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाया है।
उन्होंने कहा कि छात्रों के हित में सरकार ने जेपीएससी परीक्षा रद्द करने सहित कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। आरोप लगाया कि भाजपा और उसके अनुसांगिक संगठनों द्वारा छात्रों को उकसाकर आंदोलन को भटकाने का प्रयास किया गया, जिससे अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हुई।
परविंदर सिंह ने कहा कि कांग्रेस छात्रों के न्याय, पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था और उनके अधिकारों के लिए पूरी तरह उनके साथ है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे किसी राजनीतिक बहकावे में न आएं और धैर्य व संयम बनाए रखें। उन्होंने कहा कि पेपर लीक की समस्या पूरे देश की गंभीर समस्या है और छात्रों के हित में सरकार से ठोस निर्णय लेने की मांग जारी रहेगी।

