राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत भालूबासा रोड नंबर-9 स्थित एक बंद मकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
बताया जा रहा है कि पी.के. पटनायक का घर पिछले कुछ दिनों से बंद था। इसी का फायदा उठाकर अज्ञात चोर देर रात घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और घर में रखे कीमती सामान व नकदी लेकर फरार हो गए।
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब पड़ोसियों की नजर घर के टूटे हुए ताले पर पड़ी। इसके बाद तुरंत इसकी सूचना सीतारामडेरा थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम ने घर के भीतर से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं, जिनके आधार पर आगे की जांच की जा रही है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि चोरों को पहले से इस बात की जानकारी थी कि घर कई दिनों से बंद पड़ा है।
इधर, लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस ने जल्द ही मामले का खुलासा करने का भरोसा दिलाया है।

