रिपोर्ट – अमन ओझा (ब्यूरो चीफ, कोल्हान)
पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुख्यालय चाईबासा से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां सूरजमल जैन डीएवी पब्लिक स्कूल के कक्षा 11 (विज्ञान) के छात्र रौनक प्रधान ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। रौनक, चाईबासा के टुंगरी निवासी अविनाश प्रधान का पुत्र था। जानकारी के अनुसार बुधवार को विद्यालय द्वारा कक्षा 11 का परीक्षा परिणाम जारी किया गया था, जिसमें रौनक को कई विषयों में अपेक्षाकृत कम अंक मिले थे। बताया जा रहा है कि इसी बात से आहत होकर उसने दोपहर करीब 12 बजे दुपट्टे का फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे शहर में सनसनी और शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि परीक्षा परिणाम के कारण किसी छात्र द्वारा इतना बड़ा कदम उठाना बेहद चिंता का विषय है और यह समाज तथा शिक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर संकेत भी है। घटना की खबर मिलते ही परिवार पर मानो दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और इलाके में भी गहरा शोक फैल गया। इधर सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है, वहीं इस घटना ने अभिभावकों और शिक्षकों के बीच बच्चों पर बढ़ते मानसिक दबाव को लेकर नई चिंता खड़ी कर दी है।

