झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर शनिवार को पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन की ओर से सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली निकाली गई. उपायुक्त के नेतृत्व में आयोजित रैली समाहरणालय परिसर से शुरू होकर साकची गोलचक्कर तक पहुंची. इस दौरान आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया. जिला परिवहन कार्यालय की ओर से आयोजित इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को सुरक्षित वाहन परिचालन के प्रति जागरूक करना था. रैली के माध्यम से दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने का संदेश दिया गया. उपायुक्त ने सड़क सुरक्षा को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की. इस दौरान यह संदेश दिया गया कि थोड़ी सी सावधानी और यातायात नियमों का पालन कर सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है. रैली का मुख्य संदेश ‘सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा रहा.

