भागवत कथाओं से आध्यात्मिक चेतना की ओर बढ़ रहा पोटका, गांवों में मजबूत हो रही सामूहिक श्रद्धा
*हर दो माह में हो रहे आयोजन, धर्म के साथ संस्कार, सामाजिक समरसता और जीवन मूल्यों का संदेश दे रहे ग्रामीण*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, पोटका
पोटका प्रखंड में पिछले तीन-चार वर्षों के दौरान श्रीमद्भागवत कथा के आयोजनों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। क्षेत्र के विभिन्न गांवों और पंचायतों में लगभग हर दो माह पर भागवत कथा का आयोजन धार्मिक गतिविधि से आगे बढ़कर आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक एकजुटता की पहल बन रहा है। इन आयोजनों की खासियत है कि ग्रामीण अपनी श्रद्धा, सामूहिक सहयोग और इच्छाशक्ति से इन्हें सफल बना रहे हैं।
श्रीमद्भागवत कथा को केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं माना जा सकता। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी में संस्कारों के संचार के साथ समाज को आध्यात्मिक दिशा देने और आपसी समरसता मजबूत करने का माध्यम बन रहे हैं।
गत एक से छह अक्टूबर तक जामदा गांव में भागवत कथा का आयोजन हुआ था। अब आगामी 12 से 20 दिसंबर तक हाता-हल्दीपोखर के श्रेष्ठ नगर में वृंदावन के संतोष शुक्ल जी महाराज कथा वाचन करेंगे। इसके बाद 20 से 26 जनवरी 2027 तक हल्दीपोखर पूर्वी स्थित लक्ष्मीवार्शिंग सेंटर, ओडिशा रोड में अंतरराष्ट्रीय कथावाचक मुकुल कृष्ण जी महाराज के मुखारविंद से श्रीमद्भागवत कथा ज्ञानयज्ञ आयोजित होगा। वहीं, 30 जनवरी से पांच फरवरी 2027 तक माहुलडीहा में प्रेम बल्लभ दास जी महाराज कथा सुनाएंगे।
लगातार हो रहे आयोजनों से पोटका में आध्यात्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के प्रति बढ़ती रुचि सामने आ रही है। इन आयोजनों का एक महत्वपूर्ण पक्ष यह भी है कि ग्रामीण आर्थिक सहयोग के साथ श्रम, समर्पण और सामूहिक सहभागिता से धार्मिक परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। यह पहल समाज को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ आपसी सहयोग और सद्भाव का संदेश भी दे रही है।

