राष्ट्रपति के जिला भ्रमण का सफल आयोजन, उपायुक्त ने प्रशासनिक टीम को दिया धन्यवाद
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।भारत की राष्ट्रपति के जिला भ्रमण का कार्यक्रम सफल, सुव्यवस्थित एवं गरिमामय ढंग से संपन्न होने के उपरांत जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, सभी लाइन डिपार्टमेंट, सुरक्षा एजेंसियों तथा कार्यक्रम से जुड़े सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनकी सराहना की है।
उपायुक्त ने कहा कि राष्ट्रपति के आगमन से लेकर प्रस्थान तक सभी कार्यक्रमों के निर्बाध संचालन के लिए संबंधित विभागों एवं एजेंसियों द्वारा की गई विस्तृत योजना, उसका सटीक क्रियान्वयन तथा उत्कृष्ट अंतर-विभागीय समन्वय अत्यंत प्रशंसनीय रहा। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, रूटलाइन प्रबंधन, कार्यक्रम स्थलों की तैयारी, यातायात नियंत्रण, विधि-व्यवस्था संधारण, साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण एवं प्रोटोकॉल अनुपालन जैसे प्रत्येक पहलू पर प्रदर्शित उच्च स्तर की पेशेवर दक्षता और अनुशासन की सराहना की।
उपायुक्त ने कहा कि प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मी ने अपने-अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा, सजगता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन किया, जिसके परिणामस्वरूप सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं समयबद्ध रूप से संपन्न हुए। सूक्ष्म से सूक्ष्म बिंदुओं पर विशेष ध्यान देते हुए टीम भावना के साथ किया गया कार्य इस सफल आयोजन की प्रमुख विशेषता रहा।
उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मियों के समर्पण, परिश्रम और उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशंसा व्यक्त की तथा भविष्य में भी इसी प्रकार समन्वय, प्रतिबद्धता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई।

