केंद्र सरकार का बजट निराशाजनक, सिर्फ जुमलों की बरसात: सुधीर कुमार पप्पू
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर :केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट को समाजवादी चिंतक एवं वरीय अधिवक्ता सुधीर कुमार पप्पू ने पूरी तरह निराशाजनक करार दिया है। उन्होंने कहा कि इस बजट में न किसानों के लिए कोई ठोस राहत है, न मजदूरों और युवाओं के लिए कोई उम्मीद की किरण दिखाई देती है।
सुधीर कुमार पप्पू ने कहा कि बजट इतना कमजोर और दिशाहीन है कि इसका असर शेयर बाजार पर भी साफ दिखाई दिया, जहां निवेशकों में हड़कंप मच गया और लोग अपना पैसा निकालने को मजबूर हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस बजट में बिहार और झारखंड को पूरी तरह नजरअंदाज किया गया है।
उन्होंने कहा कि बेरोजगारी दूर करने के लिए कोई ठोस प्रावधान नहीं किया गया है और किसानों की लगातार अनदेखी की गई है। रेलवे बजट में भी बिहार और झारखंड के हिस्से में कुछ नहीं आया, जिससे इन राज्यों के लोगों में गहरी नाराजगी है।
सुधीर कुमार पप्पू ने कहा कि कुल मिलाकर यह बजट केवल घोषणाओं और जुमलों की बरसात है। इससे मध्यम वर्ग और निम्न वर्ग के लोग खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का यह बजट आम जनता की अपेक्षाओं पर पूरी तरह खरा उतरने में विफल रहा है।

