आम बजट से उद्योगों को मिलेगी नई गति, मैन्युफैक्चरिंग पर संतुलित फोकस: मानव केडिया
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर:केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा संसद में पेश किए गए आम बजट पर उद्योग जगत से सकारात्मक प्रतिक्रिया सामने आई है। सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष मानव केडिया ने बजट को औद्योगिक विकास को गति देने वाला बताते हुए कहा कि इसमें सेविंग, कंज़म्पशन और मैन्युफैक्चरिंग—तीनों क्षेत्रों पर संतुलित ध्यान दिया गया है।
मानव केडिया ने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की दीर्घकालिक आर्थिक ग्रोथ की स्पष्ट दिशा तय करता है। उन्होंने कहा कि बजट में “क्या करना है, कैसे करना है और किस दिशा में आगे बढ़ना है” — इन तीनों बिंदुओं की साफ झलक मिलती है, खासकर मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को बढ़ावा देने की मंशा स्पष्ट है, जिससे रोजगार और औद्योगिक विस्तार को बल मिलेगा।
उन्होंने वित्त मंत्री के समावेशी विकास, आत्मनिर्भर भारत और टिकाऊ आर्थिक वृद्धि के दृष्टिकोण की सराहना करते हुए कहा कि यह बजट उद्योगों को स्पष्ट दिशा देता है और आने वाले वर्षों में भारत की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में सहायक होगा।

