दुर्गापूजा की तैयारियों को लेकर केंद्रीय समिति की दो बैठकें, समस्याओं के समाधान का आश्वासन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: दुर्गापूजा की तैयारियों को लेकर जमशेदपुर दुर्गा पूजा केंद्रीय समिति की ओर से रविवार को ग्रामीण और शहरी क्षेत्र में दो महत्वपूर्ण बैठकें हुईं। परसुडीह-सुंदरनगर थाना क्षेत्र के साउथ जोन-बी तथा मानगो नॉर्थ जोन की बैठकों में पूजा समितियों की समस्याओं और सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की गई।
साउथ जोन-बी की बैठक की अध्यक्षता उपाध्यक्ष राजेश राय ने की। संचालन रामप्रसाद जायसवाल और धन्यवाद ज्ञापन सोमू भौमिक ने किया। बैठक में परसुडीह थाना प्रभारी, प्रखंड एवं विद्युत विभाग के पदाधिकारी मौजूद रहे। पूजा समितियों ने चांदनी चौक की जर्जर सड़क, सोपोडेरा से बामनगोड़ा तक लाइट, खखड़ीपाड़ा पुलिया पर रेलिंग और स्लैग आपूर्ति की मांग रखी। करनडीह में नाले का पानी मुख्य सड़क और पूजा स्थल के प्रवेश द्वार पर जमा होने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।

महासचिव आशुतोष सिंह ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन देते हुए बताया कि करनडीह की समस्या को लेकर उपायुक्त से वार्ता हुई है। परसुडीह-जुगसलाई क्षेत्र में इस वर्ष अलग अग्निशमन वाहन की व्यवस्था रहेगी। रेलवे अंडरब्रिज की जर्जर सड़क की मरम्मत के लिए रेलवे अधिकारियों से पत्राचार किया गया है। गैर लाइसेंसी पूजा समितियों को लाइसेंस देने की प्रक्रिया भी शुरू होने की जानकारी दी गई।
वहीं मानगो नॉर्थ जोन की बैठक की अध्यक्षता रामबाबू सिंह ने की। संचालन अर्जुन शर्मा और धन्यवाद ज्ञापन विजय तिवारी ने किया। समितियों ने झूलते बिजली तारों को दुरुस्त करने, गांधी मैदान में पर्याप्त पुलिस बल, नालों पर ड्रेनेज कवर, विसर्जन के दौरान ट्रैफिक डायवर्जन तथा स्लैग आपूर्ति की मांग रखी। बैठक में मानगो थाना प्रभारी के अलावा गौतम प्रसाद, राजीव कुमार सिंह, राजेश सिंह और नित्यानंद सिंह, दशरथ चौबे सहित अन्य मौजूद रहे।

