स्वर्णरेखा नदी में बह रहे किशोर की बची जान, स्थानीय लोगों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। साकची स्थित स्वर्णरेखा नदी घाट पर सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। नदी के तेज बहाव में बह रहे एक किशोर को स्थानीय लोगों ने साहस और तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और किशोर को अपने साथ साकची थाना ले गई, जहां उससे पूछताछ की गई तथा उसके परिजनों से संपर्क किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नदी किनारे मौजूद लोगों ने अचानक एक किशोर को तेज बहाव में बहते हुए देखा। पहले तो लोगों को लगा कि वह गलती से नदी में चला गया है, लेकिन जब उसे बचाने का प्रयास किया गया तो उसने खुद कहा कि वह जीना नहीं चाहता और मरना चाहता है। यह सुनकर मौके पर मौजूद लोग और सतर्क हो गए। काफी मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों ने उसे सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया।
किशोर की जान बचाने में अहम भूमिका निभाने वाली एक महिला ने बताया कि वह अपने परिचितों के साथ नदी किनारे मौजूद थीं। इसी दौरान उन्होंने किशोर को बहते हुए देखा। लोगों ने तुरंत उसकी ओर दौड़ लगाई और उसे बचाने का प्रयास शुरू किया। शुरुआत में किशोर बचाव का विरोध कर रहा था, लेकिन लोगों ने हार नहीं मानी और आखिरकार उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि किशोर गोलमुरी क्षेत्र का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर परिजनों की डांट-फटकार से वह काफी आहत था और इसी कारण घर से निकलकर नदी किनारे पहुंच गया था। आशंका जताई जा रही है कि उसने आत्महत्या के इरादे से नदी में छलांग लगाई थी।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं स्थानीय लोगों की बहादुरी और मानवता के कारण एक किशोर की जान बच गई, जिसकी क्षेत्र में सराहना की जा रही है।

