

आदित्यपुर में सनसनीखेज गोलीकांड, 111 सेव लाइफ अस्पताल के संचालक डॉ. ओपी आनंद को सगे भाई ने मारी गोली
पीठ में लगी गोली, गंभीर हालत में टीएमएच में भर्ती; गायत्री शिक्षा निकेतन के संचालक सत्य प्रकाश सुधांशु पर गोली चलाने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
आदित्यपुर:सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र में सोमवार रात सनसनीखेज गोलीबारी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, 111 सेव लाइफ अस्पताल के संचालक डॉ. ओपी आनंद को उनके सगे भाई एवं गायत्री शिक्षा निकेतन के संचालक सत्य प्रकाश सुधांशु ने कथित तौर पर गोली मार दी। गोली डॉ. आनंद की पीठ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद परिजन उन्हें तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज चल रहा है। प्रारंभिक सूचना के अनुसार उनकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
बताया जाता है कि डॉ. ओपी आनंद की पत्नी ने पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पति को सत्य प्रकाश सुधांशु ने गोली मारी है। सूचना मिलते ही आरआईटी थाना पुलिस सक्रिय हुई और घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक तौर पर घटना के पीछे पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, गोलीबारी की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना के बाद से सत्य प्रकाश सुधांशु का मोबाइल फोन स्विच ऑफ बताया जा रहा है।
आरआईटी थाना प्रभारी रविकांत पाराशर ने बताया कि डॉ. ओपी आनंद की पीठ में गोली लगी है। पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा गोलीबारी में प्रयुक्त हथियार और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

