

इंडिया गठबंधन की दिल्ली रैली ऐतिहासिक, मोदी सरकार के खिलाफ जनता में आक्रोश : रियाजुद्दीन खान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कार्य समिति के पूर्व सदस्य एवं पूर्वी सिंहभूम जिला राजनीतिक मामलों की समिति के सदस्य रियाजुद्दीन खान ने 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित इंडिया गठबंधन की महारैली को ऐतिहासिक बताया है। उन्होंने दावा किया कि रैली में 10 लाख से अधिक लोग शामिल हुए और इसने रामलीला मैदान में आयोजित पूर्व की रैलियों के रिकॉर्ड तोड़ दिए।
रियाजुद्दीन खान ने कहा कि किसानों, मजदूरों, छात्रों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं की भारी भागीदारी से भाजपा खेमे में बेचैनी है। उन्होंने भाजपा नेताओं द्वारा रैली को फ्लॉप बताने वाले बयानों को हताशा करार देते हुए कहा कि 28 हजार कुर्सियों का हवाला देकर भीड़ कम बताना हास्यास्पद है। दिल्ली की सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब जनता के राजनीतिक बदलाव की भावना को दर्शाता है।
उन्होंने राहुल गांधी और इंडिया गठबंधन के नेताओं के प्रति जनता के विश्वास का उल्लेख करते हुए रैली में स्वेच्छा से शामिल हुए लोगों के प्रति आभार जताया। खान ने दावा किया कि रामलीला मैदान की यह रैली नरेंद्र मोदी सरकार के खिलाफ जनाक्रोश का बड़ा संकेत है और सरकार के राजनीतिक भविष्य पर इसका असर पड़ेगा।

