

इंटक में अंजनी पांडे की घर वापसी, मजदूरों के हक की लड़ाई को मिलेगी मजबूती
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। प्रमुख श्रमिक संगठन इंटक (INTUC) में अनुभवी नेता अंजनी पांडे ने अपनी टीम के साथ घर वापसी की है। इस अवसर पर इंटक के प्रदेश अध्यक्ष राकेश्वर पांडे ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि अंजनी पांडे लंबे समय से मजदूरों के अधिकारों और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करते रहे हैं।
इस मौके पर अंजनी पांडे ने कहा कि उद्योग देश की रीढ़ हैं और मेहनतकश मजदूर उद्योगों की असली ताकत हैं। मजदूरों के अधिकारों की रक्षा करना, उन्हें सम्मान दिलाना और उनके सुख-दुख में साथ खड़ा रहना उनकी प्राथमिकता होगी।
उन्होंने कहा कि इंटक जैसा मजबूत श्रमिक संगठन मजदूरों की आवाज बुलंद करने का प्रभावी मंच है। संगठन के वरिष्ठ नेताओं ने विश्वास जताया कि अनुभवी नेताओं की वापसी से मजदूर आंदोलन को नई मजबूती मिलेगी और श्रमिक हितों की लड़ाई को और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सकेगा।

