

टाटा स्टील झरिया डिवीजन की दो कोलियरियों को मिली फाइव स्टार रेटिंग
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जामाडोबा, 2 नवंबर। टाटा स्टील के झरिया डिवीजन ने खनन क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बड़ी उपलब्धि हासिल की है। रायपुर में कोयला मंत्रालय की ओर से आयोजित ‘स्टार रेटिंग अवॉर्ड्स फॉर कोल एंड लिग्नाइट माइंस’ समारोह में आकलन वर्ष 2024-25 के लिए भेलाटांड़ अमलगैमेटेड कोलियरी और सिजुआ कोलियरी को भूमिगत खदान श्रेणी में प्रतिष्ठित फाइव स्टार रेटिंग से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान झरिया डिवीजन के जनरल मैनेजर नरेंद्र कुमार गुप्ता, सिजुआ कोलियरी के हेड संजीव कुमार ठाकुर और अधिकारियों की टीम ने कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे से प्राप्त किया।
इस वर्ष देश की 382 खदानों ने स्टार रेटिंग आकलन में हिस्सा लिया, जिनमें केवल 50 को ही फाइव स्टार रेटिंग मिली। वहीं, 140 भूमिगत खदानों में से महज 15 को यह सम्मान प्राप्त हुआ।
इस उपलब्धि पर नरेंद्र कुमार गुप्ता ने अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि सुरक्षा टाटा स्टील की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यह सम्मान कर्मचारियों की सामूहिक प्रतिबद्धता, अनुशासन और टीमवर्क का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि सुरक्षित, वैज्ञानिक और टिकाऊ खनन प्रक्रियाओं के प्रति झरिया डिवीजन की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। कोयला मंत्रालय की स्टार रेटिंग प्रणाली में सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण, तकनीकी उपयोग और सतत विकास जैसे मानकों पर खदानों के प्रदर्शन का आकलन किया जाता है।

