दुबई फरार होने की फिराक में था प्रिंस खान का भाई बंटी खान, कोलकाता से गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
धनबाद। धनबाद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वासेपुर के कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के भाई बंटी खान को कोलकाता से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार वह फर्जी दस्तावेजों के सहारे दुबई भागने की तैयारी में था, लेकिन अंतरराष्ट्रीय उड़ान पकड़ने से पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से वैध पासपोर्ट के अलावा फर्जी पासपोर्ट और वीजा भी बरामद किए गए हैं।
धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने बैंक मोड़ थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि बंटी खान लंबे समय से पुलिस के रडार पर था। उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, आर्म्स एक्ट, आपराधिक साजिश समेत एक दर्जन से अधिक संगीन मामले दर्ज हैं। कई मामलों में वह फरार चल रहा था और पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी।
एसएसपी ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि बंटी खान कोलकाता में छिपा हुआ है और वहां से दुबई भागने की योजना बना रहा है। सूचना के आधार पर धनबाद पुलिस की विशेष टीम कोलकाता रवाना की गई। पश्चिम बंगाल पुलिस के सहयोग से संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद की गई तलाशी में पुलिस को उसके पास से वैध दस्तावेजों के साथ फर्जी पासपोर्ट और वीजा भी मिले। इसके बाद जांच एजेंसियां इस बात की पड़ताल में जुट गई हैं कि फर्जी दस्तावेज किस नेटवर्क के माध्यम से तैयार किए गए और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका है। पुलिस को आशंका है कि इस मामले में अंतरराज्यीय गिरोह की संलिप्तता भी सामने आ सकती है।
धनबाद पुलिस का कहना है कि प्रिंस खान गिरोह के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। इससे पहले गिरोह के एक अन्य करीबी मेजर उर्फ सैफी को भी कोलकाता एयरपोर्ट से दुबई भागने की कोशिश के दौरान गिरफ्तार किया गया था। ऐसे में बंटी खान की गिरफ्तारी को गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक पूछताछ के दौरान बंटी खान से गिरोह के रंगदारी नेटवर्क, अवैध वित्तीय लेनदेन, हथियार आपूर्ति और विदेश में सक्रिय सदस्यों से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है। उसे अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस रिमांड पर लेकर उससे विस्तृत पूछताछ करने की तैयारी कर रही है।
गिरफ्तारी के बाद धनबाद पुलिस ने बंटी खान का शहर की सड़कों पर पैदल मार्च भी कराया। इस दौरान उसके हाथों में हथकड़ी लगी थी और कमर में रस्सा बांधा गया था। भारी पुलिस सुरक्षा के बीच उसे सड़क से ले जाया गया। कुख्यात अपराधी को इस तरह पुलिस अभिरक्षा में देखकर लोगों की भीड़ जुट गई और कई स्थानों पर राहगीरों ने अपने वाहन रोककर पूरा दृश्य देखा। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

