गरीब परिवारों के 21 जोड़ों का सामूहिक विवाह
राष्ट्र संवाद संवाददाता
बोकारो में भोजपुरी परिवार की ओर से गरीब और जरूरतमंद परिवारों के 21 जोड़ों का सामूहिक विवाह कराया जाएगा। नव वर्ष के जनवरी या फरवरी माह में शुभ दिन देखकर सेक्टर-4 स्थित बाबू वीर कुंवर सिंह पार्क में विवाह समारोह आयोजित करने की योजना है। इसकी जानकारी भोजपुरी परिवार के जिलाध्यक्ष बीबीएल श्रीवास्तव ने शुक्रवार को सेक्टर-2 स्थित जयप्रकाश नारायण सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में दी।
उन्होंने बताया कि भोजपुरी परिवार पहले भी जरूरतमंदों के बीच कंबल और खाद्य सामग्री का वितरण करता रहा है। इसी सामाजिक दायित्व को आगे बढ़ाते हुए अब सामूहिक विवाह कराने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
सामूहिक विवाह में शामिल होने के इच्छुक युवक-युवती न्यायालय से एफिडेविट कराकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ भोजपुरी परिवार के कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। परिवार के लोग उनके घर जाकर उनकी स्थिति का आकलन करेंगे इसके बाद ही शादी में शामिल करने की अनुमति दी जाएगी।

