

शिवभक्त संजय बेज का हृदयाघात से निधन, गम्हरिया में शोक
*क्रिकेट में भी बनाई थी पहचान, अंडर-16 जिला टीम में हुआ था चयन*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया
बड़ा गम्हरिया निवासी संजय बेज (42) का मंगलवार को हृदयाघात से अचानक निधन हो गया। उनके असामयिक निधन की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। संजय खेल और धार्मिक गतिविधियों, दोनों क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान रखते थे।
क्रिकेट के अच्छे खिलाड़ी रहे संजय बेज जेएनएस क्लब, गम्हरिया की ओर से खेलते थे। वे बेहतरीन गेंदबाज के रूप में जाने जाते थे। उनकी प्रतिभा को देखते हुए उनका चयन जिले की अंडर-16 क्रिकेट टीम में भी हुआ था। खेल के प्रति उनका जुनून क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों के बीच उन्हें खास पहचान दिलाता था।
हालांकि, पिछले करीब दस वर्षों से उन्होंने अपना जीवन भगवान भोलेनाथ की सेवा के लिए समर्पित कर दिया था। विभिन्न धार्मिक आयोजनों में वे भगवान शिव का स्वरूप धारण कर शामिल होते थे। शिवभक्ति के प्रति उनकी निष्ठा और धार्मिक आयोजनों में उनकी सक्रिय भागीदारी ने उन्हें क्षेत्र में विशिष्ट पहचान दिलाई थी।
उनके निधन से खेल जगत और धार्मिक समुदाय के लोगों में शोक व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने संजय बेज के निधन को क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

