टाटा क्लासएज और टाटा स्टील ने खेल, रोमांच और शिक्षा के जरिये युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए किया समझौता
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 13 अक्टूबर 2025: युवाओं के समग्र विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से टाटा क्लासएज ने टाटा स्टील स्पोर्ट्स विभाग, टाटा स्टील एडवेंचर फाउंडेशन (TSAF) और हॉकी ऐस फाउंडेशन (HAF) के साथ एक एमओयू पर हस्ताक्षर किए। यह पहल शिक्षा, खेल और रोमांच को एकीकृत कर युवाओं को सक्षम, आत्मविश्वासी और जिम्मेदार नागरिक के रूप में तैयार करने पर केंद्रित है।
एमओयू पर हस्ताक्षर डी. बी. सुंदरा रामम, वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट सर्विसेज), टाटा स्टील तथा तरुण भोजवानी, सीईओ और एमडी, टाटा क्लासएज द्वारा टाटा स्टील के कॉरपोरेट सर्विसेज ऑफिस, जमशेदपुर में किए गए। इस दौरान दोनों संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
डी. बी. सुंदरा रामम ने कहा कि यह साझेदारी ऐसी पीढ़ी तैयार करने की दिशा में कदम है जो “शैक्षणिक रूप से सक्षम, शारीरिक रूप से सक्रिय और सामाजिक रूप से जिम्मेदार” हो। वहीं, तरुण भोजवानी ने कहा कि इस सहयोग से भारतभर के युवाओं तक एकीकृत शिक्षा की शक्ति पहुँचाई जा सकेगी।
यह साझेदारी शिक्षा, खेल और अनुभवात्मक सीखने को जोड़ते हुए भविष्य के नेतृत्वकर्ताओं के निर्माण की दिशा में एक सशक्त पहल है।

