
सभापति सुरेश पासवान ने सरायकेला परिसदन में की जिला स्तरीय समीक्षा
*विधानसभा के लंबित सवालों पर विभागों को समयबद्ध कार्रवाई का निर्देश*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
झारखंड विधानसभा की अनागत प्रश्न क्रियान्वयन समिति के सभापति सह विधायक सुरेश पासवान ने जिला स्तरीय पदाधिकारियों को विधानसभा में उठाए गए जनहित के सवालों का निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन करने का निर्देश दिया। बुधवार को सरायकेला परिसदन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने विभागवार लंबित प्रश्नों और उनके अनुपालन की स्थिति की जानकारी ली।
सभापति ने कहा कि विधानसभा में उठाए जाने वाले प्रश्न आम जनता की समस्याओं और अपेक्षाओं को सदन तक पहुंचाने का माध्यम हैं। इसलिए संबंधित विभाग इन्हें गंभीरता से लें और लंबित मामलों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब न करें। उन्होंने अनुपालन प्रतिवेदन में की गई कार्रवाई और वर्तमान स्थिति की स्पष्ट एवं अद्यतन जानकारी देने तथा विभागों के बीच समन्वय बनाकर नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया।
बैठक से पूर्व उपायुक्त नितिश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वगियारी ने पुष्पगुच्छ देकर सभापति का स्वागत किया। बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

