
आज एक घंटे चलेगा ‘#DownloadECINet’ अभियान, युवाओं से भागीदारी की अपील
बाइट लाइन न्यूज़, सरायकेला
सरायकेला। निर्वाचन संबंधी डिजिटल सेवाओं के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए भारत निर्वाचन आयोग पांच नवंबर को सोशल मीडिया पर विशेष हैशटैग अभियान चलाएगा। दोपहर 12 से एक बजे तक चलने वाले इस एक घंटे के अभियान में जिले के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और आम नागरिकों से भाग लेने की अपील की गई है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने सभी उच्च विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों, शिक्षकों और इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के समन्वयकों से विद्यार्थियों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने आमजनों को भी अभियान से जोड़ने की अपील की।
अभियान में शामिल होने के लिए प्रतिभागियों को गूगल प्ले स्टोर से ECINet ऐप डाउनलोड करना होगा। इसके बाद पांच नवंबर को निर्धारित समय के दौरान ऐप के साथ अपनी सेल्फी या ऐप का स्क्रीनशॉट लेकर सोशल मीडिया अकाउंट पर #DownloadECINet हैशटैग के साथ साझा करना होगा।
उपायुक्त ने जिलेवासियों से अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और डिजिटल माध्यम से निर्वाचन संबंधी जागरूकता फैलाने में योगदान देने की अपील की है।

