
जर्जर पुलिया से हादसे का खतरा, सड़क पर बह रहा खेत का पानी
*मानुषमुड़िया के ग्रामीणों ने की तत्काल मरम्मत और जल निकासी की मांग*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, बहरागोड़ा
मानुषमुड़िया पंचायत के मानुषमुड़िया–सोनाकड़ा मुख्य मार्ग पर पांकलो गांव के समीप स्थित पुलिया जर्जर हो गई है। पुलिया के ऊपर सड़क पर गहरा गड्ढा बन गया है, जबकि खेत का पानी टूटे हिस्से से होकर सड़क पर बह रहा है। इससे सड़क पर फिसलन पैदा हो गई है और दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है।
ग्रामीणों के अनुसार, यह मार्ग आसपास के कई गांवों को जोड़ता है। इससे प्रतिदिन स्कूली बच्चों, किसानों, ग्रामीणों और छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है। पानी जमा रहने से गड्ढे की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। रात में रोशनी की कमी के कारण दोपहिया वाहन चालकों के लिए खतरा और बढ़ जाता है।
पुलिन राणा, स्वरूप राणा, सत्य रंजन नायक, दुखीराम गोप, परमेश्वर नायक, परान गोप, बीरेन गोप, जनता गोप, बबलू मुर्मू, आशुतोष पातर, जगदीश नायक और गौरांग नायक ने प्रशासन से पुलिया का निरीक्षण कर तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने खेत के पानी की निकासी, चेतावनी संकेतक और स्थायी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया है, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले समस्या का समाधान हो सके।

