
स्पेस ओलंपियाड में नयन्तिका दास ने हासिल किया द्वितीय स्थान
*शेन इंटरनेशनल स्कूल की कक्षा नौवीं की छात्रा को इसरो के युवा विज्ञानी कार्यक्रम में मिला आमंत्रण*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में प्रतिभा और जिज्ञासा का परिचय देते हुए शेन इंटरनेशनल स्कूल की कक्षा नौवीं की छात्रा नयन्तिका दास ने भारतीय स्पेस ओलंपियाड-2026 में द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय को गौरवान्वित किया है। उनकी इस उपलब्धि के लिए उन्हें भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के प्रतिष्ठित युवा विज्ञानी कार्यक्रम (युविका) में शामिल होने का आमंत्रण मिला।
यह कार्यक्रम 31 अक्टूबर 2026 को बेंगलुरु स्थित स्पेस एप्लीकेशंस सेंटर में आयोजित किया गया। नयन्तिका की सफलता को विद्यालय ने उनकी मेहनत, प्रतिभा और विज्ञान के प्रति रुचि का परिणाम बताया है।
विद्यालय की प्रधानाचार्या तंद्रिमा बनर्जी ने पूरे विद्यालय परिवार की ओर से छात्रा को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों को भी अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी। मुख्य अध्यापिका सिमरन सग्गू ने भी नयन्तिका को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

