
*प्रेम विवाह के तीन साल बाद आदित्यपुर में विवाहिता की संदिग्ध मौत
*मायके पक्ष ने उठाए सवाल, निष्पक्ष जांच की मांग; टीएमएच में इलाज के दौरान माधुरी मछुआ ने तोड़ा दम*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, आदित्यपुर
आदित्यपुर राममड़ैया बस्ती में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद मामला गंभीर हो गया है। मृतका माधुरी मछुआ के मायके पक्ष ने ससुराल में प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए उसकी मौत की निष्पक्ष जांच की मांग की है। मंगलवार देर रात गंभीर हालत में माधुरी को टाटा मुख्य अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, माधुरी मूल रूप से पश्चिम सिंहभूम जिले की रहने वाली थी। करीब तीन वर्ष पहले उसने गणपत मछुआ के साथ प्रेम विवाह किया था। मायके पक्ष के परिजनों का कहना है कि शादी के बाद से ही उसे ससुराल में मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेलनी पड़ रही थी। माधुरी के भाई कृष्ण ने भी परिजनों की ओर से लगाए गए इन आरोपों को सामने रखा है।
महिला की मौत के बाद मायके पक्ष ने घटना की परिस्थितियों पर सवाल उठाए हैं। परिजनों का आरोप है कि मौत के बाद ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर चले गए। हालांकि, उनके फरार होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ससुराल पक्ष की ओर से भी अब तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
फिलहाल माधुरी की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है।

