दोस्त ने ही कर दिया वार — ताजनगर में युवक चाकू से घायल, एमजीएम में भर्ती
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: कपाली थाना क्षेत्र के ताजनगर में सोमवार की शाम एक युवक पर उसके ही दोस्त ने चाकू से हमला कर दिया। घटना में मो. इरशाद गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसे एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, इरशाद रोज की तरह काम से लौटने के बाद कबड्डी खेलने गया था। तभी उसका दोस्त फैजान खान वहां पहुंचा और किसी बात को लेकर उससे झगड़ा करने लगा। बताया जा रहा है कि फैजान नशे की हालत में था। विवाद के दौरान उसने कमर से धारदार चाकू निकालकर इरशाद पर वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल को एमजीएम अस्पताल ले जाया गया। इसी बीच फैजान का बड़ा भाई अपने साथियों के साथ अस्पताल पहुंचा और घायल को जबरदस्ती लेकर चला गया। इसकी सूचना मिलते ही इरशाद के परिजन मौके पर पहुंचे और उसे दोबारा भर्ती कराया।
घायल की मां ताएरा खातून ने बताया कि हमलावर घटना से पहले घर भी पहुंचे थे और इरशाद के बारे में पूछताछ कर रहे थे। फिलहाल, कपाली थाना पुलिस ने मामले की शिकायत दर्ज कर ली है और आरोपी की तलाश में जुट गई है।

