जुगसलाई वार्ड 12 से सुरेश शर्मा लिप्पू की खुली अपील, ‘सेवा रिकॉर्ड’ के आधार पर मांगे वोट
राष्ट्र संवाद संवाददाता जमशेदपुर।जुगसलाई नगर निकाय चुनाव को लेकर वार्ड संख्या 12 से प्रत्याशी सुरेश शर्मा उर्फ लिप्पू शर्मा ने मतदाताओं के नाम खुली अपील जारी की है। 23 फरवरी को होने वाले मतदान से पहले उन्होंने अपने वर्षों के सामाजिक और संगठनात्मक कार्यों को आधार बनाते हुए समर्थन मांगा है।
शर्मा ने दावा किया कि मारवाड़ी युवा मंच के अध्यक्ष रहते हुए उन्होंने सर्वाधिक रक्त संग्रह का रिकॉर्ड बनाया, वहीं 1111 मटका जल सेवा महोत्सव जैसी पहल से सामाजिक समरसता को बढ़ावा दिया। इसके अलावा सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री सहित विभिन्न संगठनों में सक्रिय भूमिका निभाने का भी उल्लेख किया।
उन्होंने खुद को 24×7 उपलब्ध रहने वाला, सर्वसमावेशी नेतृत्व देने वाला प्रत्याशी बताते हुए कहा कि वार्ड सदस्य का पद सम्मान नहीं, बल्कि जिम्मेदारी है। सुरेश शर्मा ने वार्ड संख्या 12 से क्रमांक 08 पर ‘ब्रीफकेस’ चुनाव चिन्ह पर भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की है।

